Tuesday, August 18, 2026

Korba News: लेमरू में घर के पास पहुंचा विशाल अजगर, वन विभाग ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

कोरबा। वन मंडल कोरबा के वन परिक्षेत्र लेमरू में एक शक्तिशाली सरीसृप यानी विशाल अजगर के पहुंचने की सूचना मिलने पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद अजगर को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग को लेमरू क्षेत्र में अजगर के प्रवेश करने और छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी देवव्रत सिन्हा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

गेम गार्ड ने सावधानी से किया रेस्क्यू

वन परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देश पर याज्ञवल्क्य राणा, गेम गार्ड एवं वर्तमान बीट फॉरेस्ट ऑफिसर प्रभार, को मौके पर भेजा गया। उन्होंने आवश्यक सावधानियां बरतते हुए वन्यजीव रेस्क्यू से संबंधित विभागीय प्रोटोकॉल का पालन किया और अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया।

रेस्क्यू के बाद अजगर की जांच की गई, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

वन विभाग की तत्परता से टला खतरा

अजगर के आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने बिना किसी देरी के कार्रवाई की। इससे ग्रामीणों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

वन विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि किसी भी वन्यजीव के आबादी वाले क्षेत्र में दिखाई देने पर उसे पकड़ने या परेशान करने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।