Friday, August 21, 2026

दीपका के गौरव पथ पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक की मांग, कांग्रेस नेता तनवीर अहमद ने CMO को सौंपा ज्ञापन

कोरबा/दीपका। दीपका के गौरव पथ मार्ग पर ओवरब्रिज निर्माण के चलते यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने नगर पालिका परिषद दीपका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में तनवीर अहमद ने बताया कि गौरव पथ मार्ग पर एसईसीएल द्वारा ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में लगी एजेंसी द्वारा सड़क के एक हिस्से की लेन पूरी तरह बंद कर दी गई है। इसके कारण कोयला परिवहन और अन्य औद्योगिक गतिविधियों में लगे भारी वाहनों का आवागमन सड़क की दूसरी लेन से किया जा रहा है।

एक ही लेन में भारी वाहन और आम लोग

कांग्रेस नेता ने पत्र में कहा कि एक ही लेन पर भारी कोयला वाहनों के साथ दोपहिया वाहन, पैदल राहगीर और अन्य हल्के वाहनों का आवागमन हो रहा है। इससे हर समय गंभीर सड़क दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण गौरव पथ की सड़क भी कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।

सड़क की खराब स्थिति के कारण आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भारी वाहनों के दबाव और सीमित सड़क के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की बात कही गई है।

ओवरब्रिज निर्माण तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध की मांग

तनवीर अहमद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मांग की है कि ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने तक गौरव पथ पर भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित किया जाए। साथ ही आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की गई है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

पत्र की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई के लिए कलेक्टर कोरबा, तहसीलदार दीपका, एसईसीएल गेवरा क्षेत्र और एसईसीएल दीपका क्षेत्र को भी भेजी गई है।

तनवीर अहमद ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था को सुचारु करने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।