Tuesday, August 25, 2026

कोरबा में साइबर जागृति अभियान तेज, बैंकों और सार्वजनिक संस्थानों में लोगों को किया गया जागरूक

कोरबा। जिले में साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित बनाने के लिए कोरबा पुलिस का साइबर जागृति अभियान लगातार जारी है। अभियान के दूसरे सप्ताह में मंगलवार को जिले के विभिन्न बैंकिंग संस्थानों, औद्योगिक एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पुलिस टीमों ने नागरिकों को UPI फ्रॉड, बैंक फ्रॉड और साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए।

कलेक्टोरेट सभागार में बैंकों की जिलास्तरीय बैठक

साइबर जागृति अभियान के तहत कलेक्टोरेट सभागार में विभिन्न बैंकों की जिलास्तरीय बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम, वित्तीय धोखाधड़ी और डिजिटल बैंकिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

कई स्थानों पर आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार और चैतमा की पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

दीपका के यूको बैंक, कटघोरा के SBI बैंक, बांगो के लमना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महिला थाना क्षेत्र के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक दर्री, शासकीय विद्यालय गोपालपुर, हरदीबाजार के छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक, बालको के ग्रामीण बैंक व ICICI बैंक, उरगा के SBI बैंक व ग्रामीण बैंक, टीपी नगर के PNB बैंक, कोतवाली के SBI पुराना बस स्टैंड, करतला के SBI बैंक और पसान के SBI कियोस्क सेंटर में नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

OTP और UPI PIN साझा नहीं करने की समझाइश

पुलिस टीमों ने नागरिकों को समझाया कि OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी कॉल का जवाब देने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने और फर्जी वेबसाइट पर बैंक संबंधी जानकारी दर्ज करने से बचने की सलाह दी गई।

ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट भी दर्ज की जा सकती है। पुलिस के अनुसार, ठगी के बाद समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को रोकने में मदद मिल सकती है।

सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि जागरूकता और सावधानी ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।