Wednesday, August 26, 2026

साले ने जीजा की गमछे से गला घोंटकर की हत्या, नाले की रेत में दफनाया शव; 6 महीने बाद खुलासा

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले के मदनवाड़ा थाना क्षेत्र में करीब छह महीने पहले हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक साले ने अपने जीजा की हत्या कर शव को नाले के किनारे रेत में दफना दिया था। मृतक को अपनी पत्नी के उसके ममेरे भाई चंदन अंधारे के साथ संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर वह पत्नी से मारपीट करता था।

शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी चंदन अंधारे ने हत्या की साजिश में नाबालिग समेत तीन अन्य लोगों को शामिल किया। आरोपियों ने मृतक कदम भुआर्य (36) को शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया। वहां गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कोहका नाले के किनारे गड्ढा खोदकर रेत में दफना दिया गया।

5 मार्च को मिला था अज्ञात शव

घटना 5 मार्च 2026 की है। भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने कोहका नाले के पास अज्ञात शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी थी। मदनवाड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराया। रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने के बाद BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में हुई।

हैदराबाद पहुंची पुलिस टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन और SDOP विनोद मिंज के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की तकनीकी मदद और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान मुख्य संदेही चंदन अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली। पुलिस टीम ने हैदराबाद पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या की वारदात का खुलासा किया।

नाबालिग समेत चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी चंदन अंधारे सहित नाबालिग समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।