सक्ती। CG News: सक्ती जिले के हसौद स्थित शासकीय कन्या शाला के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ी किशोरी के छलांग लगाने की आशंका से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए, वहीं डायल-112 की टीम भी तत्काल घटनास्थल पहुंच गई।
डेढ़ घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
मौके पर पहुंची डायल-112 टीम के जवान घनश्याम पांडे, कमलेश धरिया और संजय शर्मा ने किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक किशोरी से बातचीत कर उसे समझाने और शांत करने की कोशिश की, लेकिन वह शुरुआत में नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुई।
करीब डेढ़ घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस टीम की लगातार समझाइश और धैर्यपूर्ण बातचीत का असर हुआ। आखिरकार किशोरी नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई और उसे सुरक्षित मोबाइल टावर से नीचे उतार लिया गया।
प्रेम संबंध से जुड़े विवाद की चर्चा
किशोरी के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की और आवश्यक समझाइश दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किशोरी सक्ती जिले के करही गांव की रहने वाली है और वर्तमान में हसौद में अपने मामा के घर रह रही थी।
स्थानीय स्तर पर घटना को प्रेम संबंध से जुड़े विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है।
सुरक्षित बचाव के बाद लोगों ने ली राहत की सांस
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मोबाइल टावर के आसपास जमा रहे। किशोरी के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने किशोरी और उसके परिजनों को भविष्य में इस तरह का जोखिम भरा कदम नहीं उठाने की सलाह दी है।
पुलिस का कहना है कि किसी भी मानसिक तनाव या पारिवारिक समस्या की स्थिति में ऐसे खतरनाक कदम उठाने के बजाय परिवार और संबंधित लोगों से बातचीत कर समाधान तलाशना चाहिए।










