Saturday, August 29, 2026

रक्षाबंधन की रात छत्तीसगढ़ में 3 हत्याओं से सनसनी, बिलासपुर में शराब दुकान विवाद और भाई ने भाई को मार डाला; दुर्ग में चाकू-पत्थर से हत्या

बिलासपुर/दुर्ग। रक्षाबंधन की रात छत्तीसगढ़ के लिए बेहद खौफनाक साबित हुई। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हुई तीन वारदातों में तीन युवकों की हत्या कर दी गई। बिलासपुर में शराब दुकान के बाहर लाइन में लगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की जान चली गई। वहीं, सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ही एक गांव में भांजे से गाली-गलौज करने से रोकने पर छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर सब्बल से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इधर दुर्ग में बिरयानी खाकर लौट रहे तीन दोस्तों का कुछ युवकों से विवाद हुआ, जिसके बाद चाकू और पत्थर से हमला कर एक युवक को मौत के घाट उतार दिया गया।

 

केस 1: शराब दुकान के बाहर विवाद, धारदार हथियार से हमला

 

बिलासपुर के ग्राम हरदी में 28 अगस्त की शाम राकेश प्रजापति (35) शराब खरीदने पहुंचा था। बताया गया कि दुकान के बाहर लाइन में लगने को लेकर उसका एक युवक से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने राकेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

 

गंभीर रूप से घायल राकेश को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने शराब दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

 

केस 2: भांजे से गाली-गलौज रोकना पड़ा भारी, भाई ने भाई को मार डाला

 

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना गांव में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। यहां सुभाष कुर्रे की उसके छोटे भाई सुदर्शन कुर्रे ने कथित तौर पर हत्या कर दी।

 

बताया जा रहा है कि सुदर्शन नशे की हालत में अपने भांजे से गाली-गलौज कर रहा था और मारपीट करने लगा। सुभाष ने बीच-बचाव करते हुए उसे रोकने की कोशिश की। इससे नाराज सुदर्शन ने सब्बल उठाकर सुभाष के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सब्बल जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुटी है।

 

केस 3: बिरयानी खाकर लौट रहे दोस्तों से विवाद, चाकू-पत्थर से हत्या

 

दुर्ग के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में भी रक्षाबंधन की रात हत्या की वारदात हुई। धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ बिरयानी खाकर घर लौट रहा था। चंडी मंदिर नयापारा रोड पर रास्ते में कुछ युवकों से गाली-गलौज को लेकर उनका विवाद हो गया।

 

विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धन्ना पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल धन्ना सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के हाथ में चाकू देखकर वे पीछे हट गए।

 

आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों दोस्तों ने घायल धन्ना को ई-रिक्शा से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

 

तीनों वारदातों ने रक्षाबंधन जैसे पारिवारिक त्योहार की रात प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस संबंधित मामलों में आरोपियों की भूमिका और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।