Sunday, August 30, 2026

कार में युवती को देख भड़की पत्नी, शिक्षक दंपती का विवाद थाने पहुंचा; मारपीट में उंगली काटने का आरोप

कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा में एक शिक्षक दंपती के बीच चल रहा विवाद थाने तक पहुंच गया। पति को कार में एक युवती के साथ देखने के बाद पत्नी ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के दौरान पत्नी पर पति के हाथ की उंगली काटने का आरोप है।

 

मामले में पति-पत्नी दोनों ने कटघोरा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

 

कार में युवती को देख पत्नी ने जताई आपत्ति

 

जानकारी के मुताबिक, शिक्षिका कटघोरा विकासखंड के डुडगा स्थित स्कूल में पदस्थ हैं, जबकि उनके पति चैतमा स्कूल में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने अपने पति को कार में एक युवती के साथ देखा था। इसके बाद उन्होंने पति से युवती के कार में होने को लेकर आपत्ति जताई।

 

इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान पत्नी ने पति के हाथ पर हमला किया, जिससे उनकी एक उंगली कट गई।

 

पति ने युवती को बताया पूर्व छात्रा

 

पति का कहना है कि कार में बैठी युवती उनकी पूर्व छात्रा थी। उन्होंने पत्नी को इस संबंध में समझाने की कोशिश की, लेकिन वह उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुईं। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

 

पत्नी ने लगाए गाली-गलौज और धमकी के आरोप

 

वहीं, शिक्षिका ने पुलिस को दी शिकायत में पति पर गाली-गलौज करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

 

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों पर काउंटर केस दर्ज कर जांच की जा रही है। बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।