बिलासपुर। शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित शारदा लॉज में एक ट्रांसपोर्टर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान प्रदीप जायसवाल के रूप में हुई है, जो कोरबा जिले के दीपका का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, प्रदीप बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज में ठहरा हुआ था। लॉज के कमरे में उसका शव मिलने के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नोट में युवक ने मानसिक तनाव और डिप्रेशन का जिक्र किया था। साथ ही उसने अपने परिवार से माफी भी मांगी है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच का हिस्सा बना लिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के पीछे क्या परिस्थितियां थीं। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।











