कोरबा। जिले के जटगा पुलिस चौकी क्षेत्र के महगवां डांड जटगा गांव में शराब पीते हुए फोटो खींचने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि शराब के नशे में एक व्यक्ति ने अपने ही दोस्त पर डंडे से हमला कर दिया और जमीन पर पटककर लात-मुक्कों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग ने करीब 15 दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान 64 वर्षीय प्रसाद सिंह नेटी के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी जुरान बाई के साथ महगवां डांड जटगा गांव में रहता था। पुलिस के मुताबिक घटना 18 अगस्त की रात करीब 9 बजे की है। घटना के समय प्रसाद की पत्नी मायके गई हुई थी और वह घर पर अकेला था।
बताया गया कि इसी दौरान प्रसाद के दोस्त हीरासिंह नेटी और समारू उर्फ बबलू नेटी उसके घर पहुंचे। तीनों घर की दहलीज पर बैठकर मछली के साथ महुआ शराब पी रहे थे। इसी बीच गांव का युवक राहुल नेटी वहां से गुजरा। उसने तीनों की शराब पीते हुए तस्वीर मोबाइल से खींच ली और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की बात कहते हुए वहां से चला गया।
फोटो वायरल करने की बात पर भड़का विवाद
राहुल के फोटो खींचने और वायरल करने की बात से समारू नाराज हो गया। उसने प्रसाद पर राहुल को बुलाकर फोटो खिंचवाने का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर समारू ने घर में रखे डंडे से प्रसाद पर हमला कर दिया।
आरोप है कि समारू ने डंडा टूटने तक प्रसाद को पीटा। इसके बाद उसे जमीन पर पटककर लात-मुक्कों से भी बेरहमी से मारपीट की। हीरासिंह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। किसी तरह हीरासिंह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
पूरी रात घायल हालत में घर में पड़ा रहा बुजुर्ग
हमले में गंभीर रूप से घायल प्रसाद पूरी रात अपने घर में पड़ा रहा। अगले दिन ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो उसे तत्काल पौड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर कर दिया।
अस्पताल में करीब 15 दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन मंगलवार शाम प्रसाद सिंह ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद अस्पताल पुलिस ने मेमो के आधार पर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से आरोपी समारू उर्फ बबलू नेटी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले में पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।










