Wednesday, September 9, 2026

कोरबा में छेड़छाड़ से परेशान कॉलेज छात्रा ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत; नाबालिग पर गंभीर आरोप

कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ से परेशान 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में करीब तीन दिन तक इलाज चलने के बाद रविवार शाम उसकी मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही 17 वर्षीय नाबालिग पर छेड़छाड़ और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

परिजनों के मुताबिक युवती के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी मां के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी, जबकि उसके दो भाई बाहर काम करते हैं। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने कॉलेज में दाखिला लिया था। परिजनों ने बताया कि वह पढ़ाई में अच्छी थी।

कॉलेज आते-जाते रास्ता रोककर परेशान करने का आरोप

युवती की मां और भाइयों का आरोप है कि गांव का 17 वर्षीय नाबालिग लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह कॉलेज आने-जाने के दौरान युवती का रास्ता रोककर छेड़छाड़ करता था।

परिजनों के अनुसार नाबालिग खुदकुशी की धमकी देकर युवती पर मिलने का दबाव भी बनाता था। वह कथित तौर पर युवती की मां और भाई के नाम सुसाइड नोट लिखने की बात कहकर उसे परेशान करता था।

समझाने के बाद भी नहीं रुका

परिजनों का कहना है कि उन्होंने नाबालिग को कई बार समझाया, लेकिन इसके बावजूद उसकी हरकतें जारी रहीं। लगातार परेशान किए जाने से युवती तनाव में रहने लगी थी। परिजनों के मुताबिक वह कई बार परेशान होकर आत्महत्या करने की बात भी कहती थी।

3 सितंबर को खाई चूहा मारने की दवा

बताया गया कि मानसिक रूप से परेशान युवती ने 3 सितंबर को चूहा मारने वाली दवा खा ली। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं।

परिजन उसे तत्काल पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां करीब तीन दिन इलाज चलने के बाद रविवार शाम युवती की मौत हो गई।

रक्षाबंधन पर घर आए थे दोनों भाई

परिजनों के अनुसार युवती के दोनों भाई रक्षाबंधन पर घर आए थे। छोटा भाई रक्षाबंधन के बाद काम के लिए दिल्ली चला गया था, जबकि बड़ा भाई कोरबा में ही था। युवती की तबीयत बिगड़ने और मौत की जानकारी दोनों भाइयों को फोन के माध्यम से दी गई।

पहले भी थाने में शिकायत का दावा

परिजनों ने दावा किया कि नाबालिग की कथित हरकतों को लेकर पहले भी थाने में मौखिक शिकायत की गई थी। इसके बावजूद परेशानी जारी रहने का आरोप है।