Wednesday, September 16, 2026

नशे में बिजली के पोल पर चढ़ा युवक, एक घंटे तक चलता रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा; पुलिस ने सुरक्षित उतारा

शराबी युवक का बिजली पोल पर हाई वोल्टेज ड्रामा, चौक पर लगा गया लोगों का हुजूम, देखिए वीडियो…धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में शराब के नशे में एक युवक बिजली के खंभे पर चढ़ गया। युवक करीब एक घंटे तक पोल के ऊपर बैठकर हंगामा करता रहा। नीचे मौजूद लोग उसे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के शांति कॉलोनी चौक का बताया जा रहा है।

अचानक बिजली के पोल पर चढ़ गया युवक

जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय एक युवक नशे की हालत में शांति कॉलोनी चौक पहुंचा। कुछ देर बाद वह अचानक बिजली के खंभे पर चढ़ने लगा। देखते ही देखते वह काफी ऊंचाई पर पहुंच गया और वहीं बैठकर हंगामा करने लगा।

युवक को पोल पर चढ़ा देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जबकि कई लोग नीचे से युवक को समझाकर सुरक्षित उतरने की कोशिश करते रहे।

करंट की चपेट में आने का था खतरा

जिस बिजली के पोल पर युवक चढ़ा था, उसमें विद्युत प्रवाह होने की वजह से बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ था। जरा सी लापरवाही युवक की जान के लिए भारी पड़ सकती थी। हालांकि, गनीमत रही कि वह करंट की चपेट में नहीं आया।

करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान नीचे लोगों की भीड़ जुटती गई। लोग युवक के सुरक्षित नीचे उतरने का इंतजार करते रहे।

पुलिस ने समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा

सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वार्ड के लोगों की मदद से युवक को समझाने की कोशिश की। काफी देर तक बातचीत और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

युवक के नीचे आने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

युवक की पहचान नहीं हुई

स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक शराब के नशे में था और संभवत: उसे इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह कितने बड़े खतरे में है। फिलहाल युवक की पहचान सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, बिजली के पोल पर युवक के चढ़ने की घटना ने इलाके में काफी देर तक लोगों की चिंता बढ़ाए रखी।