बिलासपुर। गणेश उत्सव के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा में खूनी संघर्ष में बदल गया। जनक पहरी इलाके में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान तलवार, चाकू, लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला किए जाने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल शैलेष कुमार राठौर की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में परिवार के कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
DJ पर नाचने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच गतौरा के जनक पहरी इलाके में गणेश पंडाल में डीजे बज रहा था। इसी दौरान डीजे पर नाचने को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हो गया। परिजनों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से भी विवाद चला आ रहा था।
कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इस दौरान धारदार हथियार, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया गया। पथराव की बात भी सामने आई है।
इलाज के दौरान शैलेष की मौत
हमले में शैलेष कुमार राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में मृतक के पिता व्यास नारायण राठौर, बड़े भाई रवि कुमार राठौर, विक्रम राठौर और विकास राठौर के घायल होने की जानकारी है।
घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका बिलासपुर सिम्स में इलाज जारी है।
11 संदेही हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अब तक 11 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। परिजनों का दावा है कि हमले में करीब 13 से 15 लोग शामिल थे। हालांकि, घटना में कितने लोगों की भूमिका थी, यह पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा।
एडिशनल एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए सोमवार सुबह एडिशनल एसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने गतौरा पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। पुलिस पुराने विवाद, डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद और उसके बाद हुई मारपीट के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पत्नी ने की आरोपियों को फांसी देने की मांग
मृतक शैलेष राठौर की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे अनाथ हो गए हैं और पति की हत्या के जिम्मेदार लोगों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। वहीं, परिजनों और स्थानीय लोगों ने कुछ आरोपियों के कथित अवैध कब्जे पर बने होटल के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









