बालोद। जिले के डौंडीलोहारा-राजनांदगांव मुख्य मार्ग पर परसुली के पास रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पिता और दो बच्चों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में 3 वर्षीय बच्चे और उसके 12 वर्षीय चचेरे भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे पिता पवन सोनकर गंभीर रूप से घायल हैं।
गणेश देखने निकले थे तीनों
जानकारी के मुताबिक, परसुली निवासी पवन सोनकर अपने 3 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय भतीजे के साथ बाइक क्रमांक CG 24 S 1107 से घर के पास गणेश उत्सव देखने निकले थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से देवरी की तरफ जा रही कार क्रमांक CG 08 AT 360 ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
ग्रामीणों के अनुसार, कार रॉन्ग साइड में पहुंच गई थी और इसी दौरान बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
112 और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को राजनांदगांव रेफर किया गया।
इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने तोड़ा दम
राजनांदगांव में इलाज के दौरान पवन सोनकर के 3 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय भतीजे की मौत हो गई। वहीं पवन सोनकर का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दो बच्चों की मौत की खबर से परसुली गांव में मातम पसरा है।
कार छोड़कर चालक और साथी फरार
हादसे के बाद कार चालक और उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया।
पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर फरार चालक और उसके साथी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।







