Tuesday, September 22, 2026

Korba Accident: मोरगा घाट में 24 घंटे में दूसरा बड़ा हादसा, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से फिर टकराया ट्रेलर; NH-130 पर लगा जाम

कोरबा। कोरबा जिले के मोरगा घाट से सड़क हादसे की बड़ी खबर सामने आई है। सोमवार रात हुए सड़क हादसे के महज 24 घंटे के भीतर मंगलवार को उसी स्थान पर एक और ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा टकराया। लगातार दूसरे दिन हादसा होने से NH-130 पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सोमवार रात तीन वाहन हुए थे दुर्घटनाग्रस्त

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात मोरगा घाट में सड़क किनारे ब्रेकडाउन हालत में खड़े सरिया लोड ट्रेलर में तेज रफ्तार ट्रेलर जा घुसा था। इसके कुछ देर बाद एक अन्य वाहन भी हादसे की चपेट में आ गया। इस तरह एक ही स्थान पर तीन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे।

इस हादसे में एक चालक के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई थी। दुर्घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन खड़े रहे।

मंगलवार को फिर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से टकराया ट्रेलर

मंगलवार को इसी स्थान पर एक और अनियंत्रित ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा टकराया। 24 घंटे के भीतर एक ही जगह लगातार दूसरी दुर्घटना होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे के बाद NH-130 पर यातायात बाधित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया रास्ता

घटना की सूचना मिलते ही मोरगा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

लगातार दो दिनों तक हादसे होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों में भी चिंता का माहौल है।

मोरगा घाट में स्पीड कैमरे लगाने की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि मोरगा घाट में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और कथित लापरवाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से मोरगा घाट के दोनों छोर पर स्पीड कैमरे लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

लगातार 24 घंटे में दो हादसों के बाद अब स्थानीय लोग मोरगा घाट में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम किए जाने की मांग कर रहे हैं।