Wednesday, September 23, 2026

विधायक तुलेश्वर मरकाम का WhatsApp हैक, 76 हजार रुपए मांग रहे साइबर ठग; परिचितों और कार्यकर्ताओं को भेजे मैसेज

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली-तानाखार विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम साइबर ठगों के निशाने पर आ गए हैं। साइबर ठगों ने कथित तौर पर उनका मोबाइल हैक कर उनके WhatsApp नंबर से परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को पैसे मांगने वाले मैसेज भेजे। मैसेज में तत्काल 76 हजार रुपए की जरूरत बताई जा रही थी।

पार्सल से जुड़े कॉल के बाद हैक हुआ मोबाइल

जानकारी के मुताबिक, विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम के मोबाइल पर पार्सल से जुड़ा एक कॉल आया था। कॉल पर बातचीत के कुछ देर बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके WhatsApp नंबर से लोगों को लगातार मैसेज भेजे जाने लगे।

इन मैसेज में अर्जेंट जरूरत का हवाला देते हुए 76 हजार रुपए भेजने की मांग की जा रही थी। विधायक के परिचितों और कार्यकर्ताओं में से कुछ लोगों को शुरुआत में लगा कि उन्हें वास्तव में पैसों की जरूरत है।

हालांकि, कुछ जागरूक लोगों ने विधायक को सीधे फोन कर इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद स्पष्ट हुआ कि उनका मोबाइल हैक हो चुका है और उनके नंबर का इस्तेमाल कर फर्जी मैसेज भेजे जा रहे हैं।

विधायक ने सोशल मीडिया पर लोगों को किया अलर्ट

मामले की जानकारी मिलते ही विधायक मरकाम ने सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से अपने शुभचिंतकों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों को सावधान किया। उन्होंने बताया कि उनका मोबाइल नंबर हैक हो गया है और उनके WhatsApp से भेजे जा रहे पैसे मांगने वाले मैसेज पर भरोसा न करें।

विधायक ने कहा- मुझे पैसों की जरूरत नहीं

विधायक ने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी तरह के पैसों की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि उनके WhatsApp नंबर से यदि पैसे मांगने का कोई मैसेज आता है तो उस पर भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में रकम ट्रांसफर न करें।

पाली पुलिस ने मामला साइबर सेल को भेजा

विधायक ने मोबाइल हैक होने की जानकारी पाली थाना प्रभारी को दी है। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के मुताबिक, विधायक ने मोबाइल हैक होने की सूचना दी है। मामले को साइबर सेल के पास भेजा गया है और पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की अपील- पैसे भेजने से पहले करें पुष्टि

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी परिचित या रिश्तेदार के मोबाइल नंबर से अचानक पैसे मांगने का मैसेज आए तो बिना पुष्टि किए रकम न भेजें। संबंधित व्यक्ति को सीधे फोन करके या किसी दूसरे माध्यम से संपर्क कर पहले सत्यापन करें।

पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी में ठग अक्सर परिचितों के नाम और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर भरोसा पैदा करने की कोशिश करते हैं। इसलिए किसी भी अर्जेंट पैसे की मांग पर सावधानी बरतना जरूरी है।