Friday, October 2, 2026

घुड़देवा खदान डकैती-केबल चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, हथियार और मोबाइल जब्त

कोरबा। घुड़देवा खदान 3/4 में डकैती और केबल चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड धरम सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खदान एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी, डकैती और लूट की घटनाओं में संलिप्त होने का आरोप है। यह कार्रवाई बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत की है।

पहले 10 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल और बाल संप्रेक्षण गृह

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पूर्व में कार्रवाई करते हुए 3 बालिग आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि 7 विधि से संघर्षरत बालकों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी धरम सिंह राजपूत की संलिप्तता की जानकारी मिली, जिसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी।

केबल काटने का हथियार और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके कब्जे से केबल तार काटने का हथियार और घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन जब्त किया है। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और डकैती एवं केबल चोरी की घटनाओं से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।