कोरबा, 06 अक्टूबर 2026। नगर पालिक निगम कोरबा ने शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय के निर्देश पर बालकोनगर जोन के वार्ड क्रमांक 39, 44 और 45 में सफाई कार्यों के निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर संबंधित सफाई ठेकेदार पर 10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया है। निगम ने अर्थदंड की राशि वसूलने के निर्देश भी दिए हैं।
निगम के अनुसार, 2 अक्टूबर को बालकोनगर जोन अंतर्गत विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान पाया गया कि सफाई कार्य से निकलने वाले अपशिष्ट का समय पर उठाव नहीं किया गया था। इससे संबंधित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। मामले में सफाई ठेकेदार श्री विजयकुमार यादव की लापरवाही और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
सुबह से वार्डों में पहुंच रही निगम की टीम
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में निगम की टीम शहर की सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। निगम के सभी 7 जोन के जोन कमिश्नर सुबह 7 बजे से अपनी टीमों के साथ वार्डों और बस्तियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान सफाई के साथ-साथ पानी, बिजली, स्ट्रीट लाइट, संपत्तिकर, जलकर और अतिक्रमण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की जा रही है। जिस विभाग या क्षेत्र में कमी पाई जा रही है, वहां संबंधित अधिकारियों और प्रभारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।
सफाई ठेकेदारों को सख्त चेतावनी
आयुक्त ने सफाई कार्य एजेंसियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय और तय मानकों के अनुसार नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जाए। जिस वार्ड में जितने सफाई कर्मचारी नियुक्त हैं, उनकी कार्यस्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सफाई कार्य समय पर नहीं हुआ या कहीं कचरा बिखरा पाया गया, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ अर्थदंड और अनुबंध की शर्तों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डंप न करने की अपील
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने शहरवासियों से सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर कबाड़, निर्माण सामग्री या सीएंडडी वेस्ट डंप नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फैलाने से आवागमन प्रभावित होता है और शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
निगम की टीम ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न डालें तथा निर्माण सामग्री या कबाड़ डंप करने से बचें।









