Wednesday, October 7, 2026

CG News: डायल 112 के आरक्षक की संदिग्ध मौत, कंट्रोल रूम में फंदे पर लटका मिला शव; जांच में जुटी पुलिस

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में डायल 112 में पदस्थ आरक्षक ओमप्रकाश सोनवानी की मौत का मामला सामने आया है। आरक्षक का शव डायल 112 के कंट्रोल रूम में फंदे पर लटका मिला। घटना रुद्री थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कुरूद निवासी ओमप्रकाश सोनवानी की बीती रात डायल 112 के कंट्रोल रूम में नाइट ड्यूटी थी। इसी दौरान वह कंट्रोल रूम में मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले आरक्षक की किसी से बातचीत हुई थी या उसके सामने किसी तरह की व्यक्तिगत या अन्य परेशानी थी।

आत्महत्या के कारणों की जांच जारी

पुलिस मृतक के परिजनों और सहकर्मियों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

पुलिस की ओर से फिलहाल आत्महत्या के कारण को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद मृत आरक्षक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।