कोरबा/दर्री। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में 12 साल की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही परिचित युवक ने छात्रा को बहाने से जंगल के रास्ते ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। छात्रा ने आरोपी की मंशा भांपकर किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि आरोपी फरार बताया जा रहा है।
टीवी बनवाने के बहाने छात्रा को साथ ले गया युवक
जानकारी के मुताबिक, छात्रा के दादा ने खराब टीवी को ठीक कराने के लिए गांव के ही युवक नंदू से संपर्क करने को कहा था। शाम करीब 6 बजे युवक टीवी देखने के लिए छात्रा के घर पहुंचा। उसने टीवी को पास के पुनर्वास ग्राम में मैकेनिक के पास ले जाने की बात कही।
आरोप है कि युवक छात्रा पर दबाव बनाकर उसे टीवी लेकर अपने साथ चलने के लिए तैयार कर लिया। दोनों पुनर्वास ग्राम पहुंचे और टीवी मैकेनिक के पास छोड़ने के बाद वापस गांव लौटने लगे।
जंगल के रास्ते ले जाकर जबरदस्ती की कोशिश
वापसी के दौरान आरोपी ने छात्रा से कहा कि दूसरे रास्ते से चलने पर वे जल्दी गांव पहुंच जाएंगे। आरोप है कि वह छात्रा को पगडंडी के रास्ते जंगल की ओर ले गया। शाम करीब 7 बजे आरोपी ने कथित तौर पर छात्रा के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
छात्रा ने आरोपी की मंशा भांपते हुए हिम्मत दिखाई और किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर घर में किया बंद
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके घर के एक कमरे में बंद कर बाहर से सिटकनी लगा दी। हालांकि, बताया जा रहा है कि रात में आरोपी किसी तरह कमरे से निकलकर फरार हो गया।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में आरोपी के खिलाफ आक्रोश का माहौल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रा के बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










