कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बालको थाना क्षेत्र के संजय नगर में सोमवार को एक सूने मकान में अचानक आग लग गई। घटना के समय परिवार दुर्गा पंडाल देखने गया हुआ था और घर पर ताला लगा था। मकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख राहगीरों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में फ्रिज, टीवी, अलमारी, कपड़े समेत लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, समय रहते किचन में रखा गैस सिलेंडर बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया।
घर में ताला लगा था, राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार, संजय नगर निवासी परिवार सोमवार को दुर्गा पंडाल देखने गया था। घर पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान अचानक मकान से धुआं निकलने लगा और आग की लपटें दिखाई देने लगीं। राहगीरों ने तत्काल बालको थाना पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। साथ ही मकान मालिक को भी फोन कर घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने के बाद परिवार मौके पर पहुंचा।
दरवाजा और खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए दमकलकर्मी
आग लगने की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और बालको नगर का दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। मकान में ताला लगा होने के कारण दमकलकर्मियों को अंदर प्रवेश करने में परेशानी हुई। इसके बाद दरवाजा और खिड़की तोड़कर घर के भीतर पहुंचा गया। उस समय आग तेजी से फैल रही थी और घर में रखा सामान उसकी चपेट में आ चुका था।
आग से फ्रिज, टीवी, अलमारी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जल गया। देखते ही देखते आग किचन तक पहुंच गई, जहां गैस सिलेंडर रखा हुआ था।
किचन से गैस सिलेंडर निकालकर टाला बड़ा हादसा
आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों ने जोखिम उठाकर किचन में रखे गैस सिलेंडर को बाहर निकाला। इससे संभावित बड़े हादसे का खतरा टल गया। दमकल टीम ने करीब एक घंटे तक प्रयास कर आग पर काबू पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहगीरों की समय पर नजर पड़ने और दमकल टीम के मौके पर पहुंचने से आग को और फैलने से रोकने में मदद मिली। आग आसपास के मकानों तक पहुंचती तो नुकसान और बढ़ सकता था।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
बालको थाना पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक बोर्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मकान मालिक के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है।
इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मकान में रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।





