मुंबई.नवी मुंबई में एक बिजनेसमैन की गर्दन में उसके छोटे भाई ने चाकू घोंप दिया। इसके बाद शख्स घायल हालत में खुद एक किलोमीटर बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा।
इस दौरान उसकी गर्दन में चाकू घुसा था और खून बह रहा था। अस्पताल में डॉक्टरों ने 4 घंटों की मशक्कत के बाद उसकी गर्दन से चाकू निकाला। उसे एक दो-दिन में अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पीड़ित का कहना है कि उसे नहीं पता कि छोटे भाई ने उस पर हमला क्यों किया। मामला 3 जून का है।
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस ने बताया कि नवी मुंबई के बिजनेसमैन तेजस जयदेव पाटिल पर उनके छोटे भाई मोनिश ने गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया था। मोनिश ने हमला उस वक्त किया, जब तेजस सानपाड़ा स्थित अपने घर में सो रहा था।
इसके बाद तेजस खुद एक किलोमीटर बाइक चलाकर अस्पताल पहुंचा। इस दौरान उसके गर्दन में चाकू घुसा था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
चाकू का 60% हिस्सा गर्दन में घुसा था
एमपीसीटी अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि तेजस की गर्दन में चाकू का 60% हिस्सा घुसा था, जिसकी वजह से काफी खून बह गया था। इसके अलावा उसके सिर, चेहरे पर भी चोटें थीं।
अस्पताल के प्रमुख डॉ. सुराना ने बताया कि गर्दन में चाकू घोंपने की वजह से 8×1.5 सेमी गहरा घाव हो गया था। हमें चाकू निकालने के लिए बहुत सावधानी से सर्जरी करनी पड़ी, क्योंकि जरा सी चूक से आसपास की कोई तंत्रिका या धमनी को नुकसान हो सकता था।
चाकू गर्दन में पूरी तरह से जाम हो गया था। चार घंटे तक चली सर्जरी के बाद हमने उन्हें बचा लिया। तेजस को बुधवार या गुरुवार को अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
तेजस ने बताया- उसका भाई शराबी है
तेजस ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह अपने भाई के साथ पानी के टैंकर का बिजनेस करते थे, लेकिन उनका भाई शराबी है। इसीलिए वह काम पर ध्यान नहीं देता था। हालांकि, तेजस को यह नहीं पता कि मोनिश ने उसपर हमला क्यों किया। घटना के बाद से मोनिश फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।











