जांजगीर-चांपा। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए CSEB (छत्तीसगढ़ स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड) के ग्रामीण कार्यालय में छापा मारकर तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, जेई राजेंद्र शुक्ला, एई विजय नोरगे और एक कंप्यूटर ऑपरेटर को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि एचटी लाइन विस्तार (HT Line Expansion) के लिए एक उपभोक्ता से रिश्वत की मांग की गई थी।
उपभोक्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, लेकिन बिना पैसे के काम नहीं होने से परेशान होकर उसने ACB कार्यालय बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की पुष्टि के बाद ACB टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। केमिकल लगे नोटों के साथ प्रार्थी को बिजली कार्यालय भेजा गया। जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत ली, पहले से तैनात ACB टीम ने कार्यालय में दबिश देकर तीनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
फिलहाल ACB की टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।








