Thursday, November 12, 2026

Amit Baghel Surrender: अमित बघेल ने 3 महीने बाद कोर्ट में किया सरेंडर, विवादित बयान पर दर्ज हैं 14 FIR; समर्थकों की उमड़ी भीड़

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने बुधवार को तीन महीने बाद कोर्ट में सरेंडर कर दिया। बिलासपुर हाईकोर्ट से मिली तीन महीने की अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद वे अदालत पहुंचे। इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर उनके समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही।

हाईकोर्ट से मिली थी तीन महीने की अंतरिम जमानत

जानकारी के मुताबिक, अमित बघेल ने कानूनी राहत के लिए बिलासपुर हाईकोर्ट का रुख किया था। हाईकोर्ट से उन्हें तीन महीने की अंतरिम जमानत मिली थी। जमानत की अवधि पूरी होने के बाद बुधवार को उन्होंने कोर्ट में सरेंडर किया। उनके अदालत पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक भी कोर्ट परिसर के बाहर पहुंच गए।

अग्रवाल और सिंधी समाज पर टिप्पणी को लेकर हुआ था विवाद

अमित बघेल के खिलाफ अग्रवाल और सिंधी समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में विवाद खड़ा हुआ था। उनके बयान के बाद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हुए थे। इसके बाद रायपुर के तेलीबांधा, कोतवाली और देवेंद्र नगर समेत विभिन्न थानों में उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई थीं।

विवादित बयान पर दर्ज हैं 14 FIR

इस मामले में अमित बघेल के खिलाफ कुल 14 FIR दर्ज होने की बात सामने आई थी। गिरफ्तारी के बाद उन्होंने कानूनी राहत के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। अब अंतरिम जमानत की अवधि समाप्त होने के बाद उनके सरेंडर से मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

अमित बघेल के सरेंडर के दौरान कोर्ट परिसर के बाहर समर्थकों की मौजूदगी ने भी राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को चर्चा का विषय बना दिया है। अब आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।