रायपुर. छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है. सत्तापक्ष-विपक्ष के बीच नोकझोंक से सदन गरमाया हुआ है. कानून व्यवस्था पर बीजेपी ने स्थगन प्रस्ताव दिया. बीजेपी ने काम रोककर स्थगन पर चर्चा कराए जाने की मांग की. इस दौरान भारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित कर दी गई. सदन की कार्यवाही दोबारा शुरु हुई बीजेपी बृजमोहन अग्रवाल ने बस्तर में नक्सली घटनाएं बढ़ने की बात कही. उन्होंने कहा, कांग्रेस के भी 18 लोगों की हत्या हुई है, शर्म करो. इस पर सत्ता पक्ष के सदस्य भड़के. इसके बाद बीजेपी सदस्यों ने स्थगन पर चर्चा की मांग की. बृजमोहन अग्रवाल ने मंत्री कवासी लखमा से कहा, आप भी टारगेट में आ गए हो. इस पर मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा के शासन काल में हमारे नेताओं को चुन-चुन कर मारा गया. भारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई.इससे पहले बीजेपी विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा, बस्तर के आदिवासी लगातार हिंसा के शिकार हो रहे हैं. प्रदेश का लोकतंत्र, लहूतंत्र में बदल गया है. अराजक स्थिति बन गई है. आदिवासी वर्ग को धर्मांतरण की आड़ में समाप्त करने की साजिश चल रही है. धर्मांतरण का विरोध करने और रोकने वालों की टार्गेट किलिंग की जा रही है. नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर में बीजेपी नेताओं की हत्या हो रही है. इन सारी घटनाओं के पीछे मिशन की भूमिका आ रही है. थानों में घटना की रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही.बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि सरकार बस्तर की पूरी डेमोग्राफी बदल रही है. बस्तर में अघोषित आपातकाल लग गया है. ये सरकार टार्गेट किलिंग के आधार पर चुनाव लड़ना चाह रही है. नक्सली गतिविधियों में तेजी आई है. विरोध करने वालों के खिलाफ रासुका लगाने की धमकी दी जा रही है. सरकारी संरक्षण में धर्मांतरण कराया जा रहा है. बस्तर धर्मांतरण का गढ़ बन गया है. सत्तापक्ष ने विपक्ष के आरोपों पर नाराजगी जताई. सदन में सत्तापक्ष-विपक्ष के बीच तनातनी का माहौल रहा.











