कोरबा, 16 अगस्त। उत्तर छत्तीसगढ़ और हसदेव कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मिनीमाता बांगो जलाशय का जलस्तर 94.42 प्रतिशत तक पहुंच गया है। तेज जल आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बांध के 7 रेडियल गेट खोल दिए हैं। सातों गेट से करीब 32 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
इसके अलावा बांध के जल विद्युत संयंत्र से करीब 9 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी है। इस तरह हसदेव नदी में कुल करीब 41 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड प्रवाहित हो रहा है।
बढ़ती जल आवक के बाद खोले गए 7 गेट
मिनीमाता बांगो बांध के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती के मुताबिक, 15 अगस्त की सुबह जलाशय का जलस्तर 358.7 मीटर पहुंचने के बाद पहले तीन गेट खोले गए थे। इसके बाद जलाशय में पानी की आवक लगातार बढ़ती रही, जिसके चलते देर शाम तक चार और गेट खोल दिए गए।
बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन और जल संसाधन विभाग ने हसदेव नदी के आसपास निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। विभाग के अनुसार, हसदेव बांध से लगे 34 गांवों में पहले ही अलर्ट जारी किया जा चुका है।
नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने हसदेव नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने और संभावित जलभराव वाले इलाकों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बांध के गेट खुलने के बाद तेज जलप्रवाह देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ भी पहुंच रही है। हालांकि प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा को प्राथमिकता देने और नदी के खतरनाक हिस्सों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सरगुजा और बिलासपुर संभाग में अगले चार दिनों तक भारी से मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
लगातार बारिश और बांध से पानी छोड़े जाने के बीच हसदेव नदी के तटीय और निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। जल आवक और बढ़ने की स्थिति में बांध से पानी की निकासी भी बढ़ाई जा स











