धमतरी. धमतरी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिकायतों पर बड़ा एक्शन लिया है। एक ओर जहां उन्होंने मगरलोड तहसीलदार को हटाने के आदेश दिए, वहीं दूसरी तरफ BEO के निलंबन के निर्देश भी DEO को जारी कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, कुरूद में हो रहे भागवत कथा को सुनने का निर्देश BEO ने शिक्षकों को जारी किया था, जिसकी शिकायत मुख्यमंत्री को समीक्षा बैठक के दौरान मिली। जिसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने डीईओ को निर्देश दिया कि BEO को तत्काल हटा दें। इससे पहले मगरलोड तहसीलदार की शिकायत मुख्यमंत्री को मिली थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने तहसीलदार को हटाने का निर्देश दिया था। कुरूद में पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर द्वारा आयोजित जया किशोरी के भागवत कथा को सुनने के लिए बीईओ ने शिक्षकों को निर्देश जारी किया था।

मगरलोड तहसीलदार को हटाने के निर्देश
ग्राम खिसोरा में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान सीएम द्वारा जाति प्रमाण पत्र बनाने की जानकारी लेने पर सुनील नगारची ने अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि 50 साल का रिकॉर्ड मांगा जाता है, जो उपलब्ध नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभा से प्रस्ताव कराकर आवेदन करें। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी कुरूद को निर्देशित करते हुए कहा कि नगारची जाति के आवेदन के निराकरण की जानकारी आज शाम को ही दें। उन्होंने शाम में जानकारी दी, लेकिन गुरुवार को सीएम ने सख्त एक्शन लेते हुए मगरलोड तहसीलदार को निलंबित करने के निर्देश जारी किए।










