Monday, October 19, 2026

नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, हादसे में टीआई की मौत

भिलाई. पुलिस महकमे से एक दुखद खबर सामने आई है. स्मृतिनगर भिलाई पुलिस चौकी प्रभारी युवराज देशमुख की सड़क हादसे में मौत हो गई. वे ड्यूटी पूरी कर राजनांदगांव जा रहे थे, तभी सोमनी थाना क्षेत्र के ठाकुरटोला टोल प्लाजा के पास हादसा हो गया.

हाईवे में ट्रक खड़ा हुआ था, जिससे टीआई युवराज देशमुख की पल्सर जा टकराई. युवराज देशमुख हेलमेट भी पहने थे, लेकिन हादसा इतना जबरदस्त था कि सिर व सीने पर गंभीर चोटें आने से खून ज्यादा बह गया था. आसपास के लोग तत्काल राजनांदगांव जिला अस्पताल लेकर गए, जहां आधे घंटे बाद उपचार के दौरान युवराज की मौत हो गई.

घटना रात 11.30 बजे के आसपास की बताई जा रही है. रात 12 बजे अस्पताल में चौकी प्रभारी युवराज देशमुख की मौत हो गई. सरल और मिलनसार पुलिस अधिकारी की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है. स्मृतिनगर पुलिस चौकी में लगातार वे सक्रिय रूप से बेहतर काम कर रहे थे. बताया जा रहा है कि हाईवे में लगातार ट्रकों का खड़ा रहना अक्सर हादसे की वजह बन रही है.