Friday, April 3, 2026

BJP चुनाव कार्यालय के उद्घाटन में हंगामा:सीनियर नेताओं के सामने पहुंची BJP नेत्री और कहने लगी-मेरा टिकट कहां है; फिर कुर्सी पटककर तोड़ दी

नगरीय निकाय चुनाव में बीजेपी के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं। यहां जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, बीजेपी में टिकट बंटवारे को लेकर घमासान शुरू हो गया है। इसकी एक तस्वीर उस समय सामने आई जब भिलाई नगर निगम चुनाव के लिए बीजेपी ने चुनावी कार्यालय का उद्घाटन कार्यक्रम रखा। यहां बीजेपी की एक नेत्री अचानक पहुंची और सीनियर नेताओं से पूछने लगी मेरा टिकट कहा हैं। बार-बार वह चीखते हुए पूछती रही मेरा टिकट कहां है। मगर कोई कुछ न बोल सका। इसके बाद नेत्री ने कुर्सी पटककर तोड़ दी।

 

दरअसल, रविवार को सुपेला गदा चौक में बीजेपी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन समारोह था। कार्यालय का उद्घाटन होने के बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता अंदर बैठकर आपस में चर्चा कर रहे थे। सीनियर नेताओं में वैशाली नगर के बीजेपी विधायक विद्यारतन भसीन, राजनांदगांव सासंद संतोष पांडे, चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह सवन्नी समेत अन्य नेता मौजूद थे। इसी दौरान बीजेपी नेत्री सुमन उन्नी वहां पहुंची और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। कोई कुछ कह और कर पाता कि यह सब कुछ हो गया। घटना के बाद इस मामले का पूरा वीडियो भी सामने आया है।