
रायपुर।छत्तीसगढ़ में भाजपा 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के साथ-साथ 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को केंद्र में रखकर तैयारी करेगी। इसके लिए देशभर में प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 29, 30 और 31 जुलाई को रायपुर में प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जाना है। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, छत्तीसगढ़ प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के साथ-साथ वी. सतीश, आलोक कुमार, मुरलीधर राव, सुधांशु त्रिवेदी, संबित पात्रा, अमित मालवीय आदि शामिल हो सकते हैं। एक-दो दिनों में इनकी ओर से अधिकृत कार्यक्रम आने की बात कही जा रही है।
भाजपा ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी है। इससे पहले जिन राज्यों में चुनाव होंगे, वहां का चुनाव प्रचार 2024 को ध्यान में रखकर किया जाएगा। हाल ही में हैदराबाद में राष्ट्रीय कार्यसमिति में इसकी रणनीति बनाई गई है। इसे निचले स्तर तक पहुंचाने के लिए अब प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
राजधानी में एयरपोर्ट के पास एक भवन में प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया जाएगा। इसमें राष्ट्रवाद से लेकर एकात्म मानववाद, केंद्र सरकार की उपलब्धियां, भाजपा की रीति-नीति, राज्य सरकार की कमजोरियों और 15 साल की भाजपा सरकार में हुए अच्छे कार्यों को किस तरह लोगों तक पहुंचाया जाए, इस पर मंथन किया जाएगा।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री आएंगे अगस्त में
भाजपा ने छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के लिए नए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री के रूप में अजय जामवाल की नियुक्ति की है। संभवत: वे प्रशिक्षण सत्र में शामिल नहीं हो पाएंगे। उनके अगस्त में आने की चर्चा है। उनके पास दो राज्यों की जिम्मेदारी होगी, लेकिन केंद्र रायपुर होगा। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश दोनों राज्यों में चुनाव है, इसलिए उनकी नियुक्ति को काफी अहम माना जा रहा है।









