Tuesday, August 4, 2026

मेला घूमाना पड़ा महंगा, अधीक्षिका-अधीक्षक और प्राचार्य पर चला कार्रवाई का हंटर, कलेक्टर ने दिया ये आदेश…

लोरमी. मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में बीते दिनों पहले बालिका छात्रावास की अधीक्षिका, बालक छात्रावास के अधीक्षक समेत विद्यालय के प्राचार्य की लापरवाही उजागर हुई थी. अब तीनों कर्मचारियों को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से तत्काल हटाने मुंगेली कलेक्टर ने आदेश जारी किया है.

बता दें कि एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में बीते दिनों पहले बालिका छात्रावास की अधीक्षिका, बालक छात्रावास के अधीक्षक समेत विद्यालय के प्राचार्य की लापरवाही के मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था. जिसके बाद मुंगेली कलेक्टर राहुल देव के निर्देश पर बंधवा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में जांच किया गया. वहीं जांच के बाद एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के तीनों कर्मचारियों को तीन दिनों के भीतर जवाब देने नोटिस जारी किया गया था. जिसका जवाब मिलने के बाद तीनों कर्मचारियों को एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से हटाकर दूसरे स्थान पर पदस्थ कर दिया गया है.