नूंह.हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के आह्वान पर आज सुबह 11 बजे दोबारा ब्रजमंडल यात्रा निकाली जा रही है। हरियाणा सरकार और नूंह जिला प्रशासन ने इस यात्रा के लिए परमिशन नहीं दी थी। लेकिन, सोमवार सुबह प्रशासन ने नलहरेश्वर मंदिर में जलाभिषेक के लिए 10-15 साधु संतों को जाने की अनुमति दे दी गई। पुलिस अधिकारियों के पास मंदिर तक जाने वाले सभी साधु-संतों की पूरी लिस्ट मौजूद है।
31 जुलाई को ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हिंसा हुई थी। जिसमें होमगार्ड समेत 6 लोगों की मौत हो गई थी।
हरियाणा पुलिस ने नूंह में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधों का दावा किया है। संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन से नजर रखी जा रही है। जिले की सारी सीमाएं 27 अगस्त से ही सील की जा चुकी हैं। हरियाणा के दिल्ली, राजस्थान और UP से लगते बॉर्डर भी सील हैं।
बॉर्डर एरिया में भारी संख्या में पुलिसकर्मी और पैरामिलिट्री के जवान तैनात किए गए हैं जो आने-जाने वाली सभी गाड़ियों की तलाशी ले रहे हैं। वहीं, नूंह के स्कूल-कॉलेज, बैंक और दूसरे तमाम ऑफिस भी बंद रखे गए हैं। सरकार ने मोबाइल इंटरनेट और बल्क SMS सेवाओं पर भी आज रात 12 बजे तक के लिए बैन लगा रखा है।
इस बार मुस्लिम समुदाय भी सावधानी बरत रहा है। रविवार को ही जिले के गांवों में मस्जिदों से अनाउंसमेंट कराई गई कि सोमवार को यात्रा के चलते मुस्लिम समुदाय के लोग अपने घरों से बाहर न निकलें। गांवों में भी किसी जगह 4 से अधिक लोग इकट्ठे न हों। कोई भी अपने गांव से बाहर न जाए।











