कोरबा. साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र में कलिंगा नामक ठेका कंपनी के साथ विस्थापितों का विवाद बढ़ता जा रहा है। मनमाने तरीके से कर्मियों के नियोजन को लेकर आज एक बार फिर से विवाद का मामला सामने आया है। हालात ऐसे हो गए की प्रदर्शन करने वालों ने कलिंगा के कैंप में पहुंचकर उसके द्वारा रखें गए कर्मियों का सामान बाहर फेंक दिया। इसके बाद यहां बवाल मच गया। कारण बताया जा रहा है कि कंपनी ने स्थानीय मजदूरों को काम देने के बजाय बाहर के लोगों को प्राथमिकता दी है।छत्तीसगढ़ के कोरबा में भू-विस्थापितों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं देने से एक बार फिर भू-विस्थापितों का गुस्सा भड़क गया है।
एसईसीएल की मानिकपुर परियोजना में आउटसोर्सिंग से लिए गए काम में स्थानीय लोगों को महत्व नहीं देने से नाराजगी बढ़ती जा रही है। घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। खबर लिखे जाने तक मानिकपुर पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच वार्ता हो रही है।










