रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक को सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी भारी पड़ गई। रिटायर्ड आरक्षक के बेटे ने सड़क पर बाइक को एक पहिए पर चलाते हुए वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक पर 2 हजार रुपए का चालान काट दिया।
तमनार थाना क्षेत्र का मामला
घटना तमनार थाना क्षेत्र के हुंकराडीपा-तमनार रोड की बताई जा रही है। स्टंट करने वाले युवक की पहचान शाश्वत सिदार (20) के रूप में हुई है, जो ग्राम कुंजेमुरा का रहने वाला है। उसके पिता नरेंद्र सिदार रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं।
बिना हेलमेट खतरनाक स्टंट
वायरल वीडियो में युवक स्पोर्ट्स बाइक पर बिना हेलमेट पहने एक पहिए पर स्टंट करता नजर आया। सड़क पर इस तरह की खतरनाक हरकत का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस जांच में कबूल किया
तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल जांच कर युवक की पहचान की। पूछताछ के दौरान शाश्वत ने स्वीकार किया कि वीडियो उसी ने बनाया और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया था।
2 हजार का जुर्माना, लगाई फटकार
यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने 2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। साथ ही युवक को कड़ी चेतावनी देते हुए समझाइश दी कि सड़क पर स्टंटबाजी करना जानलेवा हो सकता है और इससे बड़े हादसे हो सकते हैं।
युवक ने मांगी माफी
कार्रवाई के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा हेलमेट पहनकर बाइक चलाने का आश्वासन दिया।









