Tuesday, April 7, 2026

BREAKING NEWS | रायगढ़ में नौकरी के नाम पर 22.70 लाख की ठगी, कृषि मंत्री का बहनोई बताकर ठगी: मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा, कैश और ऑनलाइन रकम ऐंठी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम का बहनोई बताकर 4 लोगों से कुल 22 लाख 70 हजार रुपए ठग लिए। मामले में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामभांठा निवासी समारू राम टंडन (51) अप्रैल 2025 में रायपुर गया था। जयस्तंभ चौक के पास उसकी मुलाकात महासमुंद जिले के ग्राम भद्ररसी निवासी राम ठाकुर (60) और उसकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को कृषि मंत्री का बहनोई बताते हुए मंत्रालय में अच्छी पकड़ होने का दावा किया।

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी

आरोपी ने मंत्रालय में डेटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इस पर समारू ने अपने बेटे का बायोडाटा भेजा। बाद में आरोपी ने नौकरी लगाने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की।

समारू ने अपने परिचितों—पिंटू लहरे, राजेश साहू और सुशील चौहान—को भी इसकी जानकारी दी। सभी ने अपने-अपने बच्चों की नौकरी के लिए बायोडाटा आरोपी को भेज दिया।

कैश और ऑनलाइन ली रकम

कुछ दिनों बाद आरोपी रायगढ़ पहुंचा, जहां समारू ने अपने बेटे की नौकरी के लिए 4 लाख रुपए नकद दिए। इसके अलावा बाकी रकम ऑनलाइन (Paytm) के माध्यम से भेजी गई। सभी मिलाकर आरोपियों को 9 लाख 92 हजार 500 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए।

फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर देकर करता रहा गुमराह

पैसे लेने के बाद आरोपी ने सभी पीड़ितों को अपने घर बुलाकर फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर थमा दिया, लेकिन जॉइनिंग के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस जांच में जुटी

पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी दंपती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।