Sunday, August 2, 2026

BREAKING: तेज रफ्तार कार गिरी खाई में, हादसे में एक की हुई मौत, दूसरा गंभीर

कोरबा. कोरबा जिले के बांगो क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हुआ है। इस हादसे में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई । वही दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। दोनों युवक रिश्ते में मामा-भांजा हैं। कार में सवार होकर मामा-भांजे बिलासपुर से उदयपुर जा रहे थे, देर रात को कटघोरा-अंबिकापुर हाईवे पर थे कि इस बीच मदनपुर मोड़ के पास अचानक मवेशी आ गई, मवेशी को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।

जानकारी के अनुसार उदयपुर पंडरीडांड निवासी रोहित राम कंवर व उसका मामा बंकेश्वर पैंकरा बिलासपुर से कार क्रमांक सीजी 15 ईसी 0449 में सवार होकर बिलासपुर से उदयपुर के लिए रवाना हुए थे। देर रात लगभग 12:45 बजे बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मदनपुर मोड़ के पास पहुंचे थे कि सामने अचानक मवेशी आ गई मवेशी को देखते ही कार चला रहा बंकेश्वर अनियंत्रित हो गया और मवेशी को बचाने के चक्कर में उसकी तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे नीचे जा गिरी। इस सड़क हादसे में बंकेश्वर की मौत हो गई जबकि रोहित राम कंवर गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात हादसे की सूचना मिलने पर मोरगा चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत में बचाव कार्य करते हुए घायल रोहित को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।