BSP प्रबंधन के खिलाफ पहली बार FIR:ब्लास्ट की चपेट में आने से 6 मजदूर झुलसे थे; जांच में पता चला-लापरवाही के चलते हुआ हादसा

भिलाई इस्पात संयंत्र में हुए ब्लास्ट की चपेट में आकर 6 मजदूरों के झुलसने के मामले में पुलिस ने अब कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में ये पता चला है कि हादसा लापरवाही के चलते हुआ था। सुरक्षा के जरूरी इंतजाम भी नहीं किए गए थे। इसके चलते भिलाई भट्टी पुलिस ने प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया है। ऐसा पहली बार है जब प्रबंधन के खिलाफ सुरक्षा के पर्याप्त साधन की कमी और लापरवाही करने के चलते केस दर्ज किया गया है।

इस हादसे में घायल विजय कुमार दोलाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन, बीएसपी के साइड इंचार्ज, ठेकेदार यादव ब्रदर्स, ठेकेदार के सुपरवाइजर, सेफ्टी इंचार्ज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

ऐसे हुआ था हादसा

दरअसल, सोमवार रात को प्लांट की एमआरडी यूनिट-2 में अचानक ब्लास्ट हुआ था। इसकी चपेट में आने से 6 मजदूर घायल हुए थे। इनमें दो मजदूर BSP और 4 यादव इंटरप्राइजेस के ठेका मजदूर थे। उसी दौरान यह पता चला था कि हादसा प्रबंधन की लापरवाही के चलते हुआ है। मजदूरों को बिना सुरक्षा कास्टयूम के गर्म स्लैग में पानी डालने के लिए भेज दिया गया था। जैसे ही मजदूरों ने स्लैग में पानी डाला उसमें विस्फोट हो गया था।

बताया गया था कि सोमवार रात करीब 8.30 बजे एमआरडी यूनिट-2 में प्रोडक्शन का काम चल रहा था। इस दौरान वहां बड़ी मात्रा गर्म स्लैग (राखड़) निकली थी। इस स्लैग को ठंडा कर बैठाने के लिए कुछ मजदूरों को लगाया था। यह जानते हुए भी कि स्लैग में पानी डालने से उसमें ब्लास्ट होता है मजदूरों को बिना सेफ्टी कास्टयूम भेज दिया गया। उस दौरान ऑपरेटर ने जब कंटेनर को पलटा। नीचे पानी जमा था, जिसमें स्लैग के गिरने के बाद जोरदार धमाका हुआ और गर्म छींटों ने आसपास काम कर रहे 6 मजदूरों को चपेट में ले लिया।