Sunday, October 18, 2026

CAF कैंप के भीतर सनसनीखेज हत्या, जवान ने साथी को मारी गोली

खैरागढ़, 22 दिसंबर। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में स्थित घाघरा गांव के CAF (छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल) बटालियन कैंप में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। कैंप में पदस्थ एक जवान ने अपने ही साथी जवान की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे कैंप में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक जवान की पहचान सोनवीर जाट के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का निवासी था। वह खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित CAF बटालियन में पदस्थ था। बताया जा रहा है कि उसी कैंप में तैनात अरविंद गौतम से उसकी किसी बात को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी।

बीती रात सोनवीर कैंप में आकर सो गया था। जैसे ही वह गहरी नींद में गया, आरोपी अरविंद गौतम ने मौका पाकर उस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज से कैंप में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद कैंप में मौजूद अन्य जवानों ने घायल सोनवीर को सोमवार तड़के खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।

पुलिस ने मृतक जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के खैरागढ़ पहुंचने के बाद ही पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने आरोपी जवान अरविंद गौतम को गिरफ्तार कर गातापार थाना में रखा है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।