बिलासपुर। शहर के ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की मान्यता को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। छात्रों और अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि CBSE पैटर्न के नाम पर एडमिशन देने के बाद अब CG बोर्ड से परीक्षा दिलाने का दबाव बनाया जा रहा है।
सोमवार को आक्रोशित स्टूडेंट्स और पेरेंट्स ने पहले कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई और घेराव किया। इसके बाद देर रात स्कूल परिसर और कलेक्टर बंगले का भी घेराव किया गया। अभिभावकों की मांग है कि उनके बच्चों को CBSE से एफिलिएटेड सर्टिफिकेट दिया जाए।
तीन शाखाओं में संचालित हो रहा स्कूल
जानकारी के अनुसार ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की शहर में तीन शाखाएं संचालित हैं। बहतराई स्थित मुख्य शाखा में कक्षा 12वीं तक पढ़ाई होती है, जबकि मिशन अस्पताल रोड और व्यापार विहार स्थित शाखाओं में 8वीं तक की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।
पेरेंट्स का आरोप: गुमराह किया गया
अभिभावकों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन शुरू से ही बच्चों को CBSE पैटर्न से पढ़ाने का दावा करता रहा, लेकिन हाल ही में 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षा को लेकर यह सामने आया कि छात्रों को CG बोर्ड से परीक्षा दिलाई जाएगी, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
नाराज अभिभावकों ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और स्कूल प्रबंधन से जवाब तलब किया जा सकता है।







