Tuesday, May 5, 2026

CEIR पोर्टल से कोरबा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 75 गुम मोबाइल लौटाए

कोरबा। जिले में “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर पुलिस थाना कोरबा की टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से 75 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिया।

बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹11.50 लाख बताई जा रही है। खास बात यह है कि पिछले 4 महीनों में पुलिस द्वारा 200 से अधिक गुम मोबाइल फोन ट्रैक कर उनके मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं।

इस कार्रवाई में सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतिश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा और उप निरीक्षक अजय सोनवानी सहित टीम का योगदान सराहनीय रहा।

बरामद मोबाइल फोन Apple, Samsung, Oppo, Vivo, Redmi, Realme और OnePlus कंपनियों के हैं, जो अलग-अलग स्थानों पर गुम हुए थे।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन पुलिस की मेहनत से उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।

CEIR पोर्टल पर ऐसे करें शिकायत:

  • https://www.ceir.gov.in पर जाएं
  • “Block Stolen/Lost Mobile” विकल्प चुनें
  • मोबाइल की जानकारी, पुलिस शिकायत, पहचान पत्र व बिल अपलोड करें
  • सबमिट करने के बाद मोबाइल ट्रैक किया जाएगा

जनता से अपील:
यदि आपका मोबाइल गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत CEIR पोर्टल या नजदीकी थाना/साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।

साइबर फ्रॉड होने पर:
📞 1930 पर कॉल करें
💻 www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें

कोरबा पुलिस की यह पहल आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने और पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।