छत्तीसगढ़ की श्रीमद् भागवत कथा वाचक और महिला साहू समाज की प्रदेश अध्यक्ष यामिनी साहू को फोन पर धमकी दी जा रही है। कॉल करने वालों ने उन्हें भागवत कथा नहीं करने की चेतावनी दी है। कहा है कि एक गैर ब्राह्मण को व्यास मंच पर बैठकर कथा कहने का अधिकार नहीं है। जाकर मुजरा करो। यामिनी साहू ने मामले की शिकायत SP और गृहमंत्री से की है। इसके बाद उन्हें पुलिस की ओर से सुरक्षा उपलब्ध करा दी गई है।
महासमुंद के बागबहरा की रहने वाली यामिनी साहू पेशे से शिक्षिका हैं। वे पिछले करीब 10 सालों से भागवत कथा कह रही हैं। SP महासमुंद को दी शिकायत में उन्होंने बताया है कि वह 20 से 27 मार्च तक सिरगिड़ी गांव में कथा वाचन कर रही हैं। इसको लेकर कुछ लोग उन्हें 15 मार्च से ही अलग-अलग नंबरों से कॉल कर धमकी दे रहे हैं। आरोप लगाया है कि गैर ब्राह्मण होने के चलते परशुराम सेना की ओर से उन्हें रोकने की कोशिश की जा रही है।










