Tuesday, March 31, 2026

CG के स्कूली बच्चों को सरकार देगी नकद पैसा….स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश….

रायपुर । कोरोना काल में स्कूली बच्चों को मिड डे मिल का नकद पैसा मिलेगा। राज्य सरकार ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है। राज्य सरकार ने 1 मई 2021 से 15 जून 2021 तक यानि कुल 39 दिन के मध्याह्न भोजन की नकद राशि वितरित करने का निर्देश दिया है। डीपीआई ने इस बाबत सभी जिलों के कलेक्टर और डीईओ को निर्देश जारी कर दिया है। स्कूली बच्चों के खातों में सीधे ये राशि वितरित की जायेगी।

जारी निर्देश के मुताबिक प्राथमिक स्कूल के प्रत्येक बच्चे को 5 रूपया 19 पैसा प्रतिदिन के हिसाब से कुल 202 रूपये डायरेक्ट खाते में ट्रांसफर किये जायेंगे, जबकि अपर प्राथमिक शाला में प्रति छात्र 7.45 रूपया प्रतिदिन की दर से कुल 291 रूपया दिया जायेगा। शिक्षा विभाग ने निर्देश दिया है कि कुकिंग कास्ट की राशि ही सिर्फ डीबीटी के माध्यम से बच्चों और पालकों के खाते में डाले जायेंगे।