गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में एक बार फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे धरती हल्की कांपी, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों में जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार, पिछले 36 घंटों में यह तीसरी बार है जब क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इससे पहले गुरुवार शाम करीब 7:20 बजे भी कंपन महसूस हुआ था। एक दिन पहले आए झटकों की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 दर्ज की गई थी, जो बेहद हल्की श्रेणी में आती है।
हालांकि अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन लगातार हो रही भूगर्भीय गतिविधियों से लोगों में डर और चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार झटकों के कारण वे सहमे हुए हैं और कई लोग रात में घरों से बाहर समय बिता रहे हैं।
प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के हल्के झटके सामान्य भूगर्भीय हलचल का संकेत हो सकते हैं, फिलहाल किसी बड़े खतरे की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन निगरानी बढ़ा दी गई है।







