Friday, July 3, 2026

CG में विधायक के घर से 10 लाख की चोरी:विधानसभा सत्र में शामिल होने गए थे, रात को चोरों ने कैश और सोना उड़ा दिया

जांजगीर जिले में चोरों ने ‌BSP(बहुजन समाज पार्टी) के विधायक के घर को निशान बनाया है। विधायक केशव चंद्रा विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने रायपुर गए हुए थे। इसी दौरान देर रात को उनके घर में चोर घुसे, इसके बाद कैश और सोना समेत 10 लाख का माल ले उड़े हैं। बुधवार सुबह इस मामले का पता चल पाया है। खबर मिलने पर मौके पर जिले के एसपी विजय अग्रवाल समेत तमाम पुलिस अधिकारी पहुंचे थे। मामला जैजैपुर थाना क्षेत्र का है।

विधानसभा का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हो गया है। इसी सत्र में शामिल होने जांजगीर जिले के जैजैपुर से बीएसपी विधायक केशव चंद्रा 13 जुलाई को ही रायपुर चले गए थे। इस बीच 19 जुलाई को उनकी पत्नी गीता चंद्रा भी रायपुर आ गई थीं। इस दौरान उनके घर में उनका केयरटेकर राजेंद्र चंद्रा था।

सुबह आया तो सामान बिखरा था

बताया गया कि राजेंद्र चंद्रा रात के वक्त घर में ताला लगाकर चला गया था। अगले दिन सुबह जब वह फिर से विधायक के घर पहुंचा तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर सारे सामान बिखरे हुए थे। इसके बाद उसने किसी तरह से विधायक को इस बात की सूचना दी है। विधायक उस समय विधानसभा के सत्र में शामिल हो रहे थे।

फॉरेसिंक एक्पसर्ट को बुलाया गया

इधर, घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को भी दी गई। खबर मिलने पर एसपी विजय अग्रवाल खुद मौके पर पहुंचे थे। विजय अग्रवाल ने बताया कि वे स्वयं मौके पर हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जांच टीम का गठन कर दिया गया है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया है।

इधर जानकारी मिलने के बाद विधायक भी जैजैपुर पहुंचे। जिसके बाद घर से क्या-क्या चोरी हुआ है, ये पता चला पाया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार घर से 2 लाख 15 हजार कैश और 15 तोला सोना चोरी हुआ है। कुल मिलाकर चोरों ने 10 लाख का माल पार किया है।