Monday, April 20, 2026

CG- कलियुगी मां की करतूत: ढाई साल के मासूम को पत्थर से मार डाला, आरोपी महिला गिरफ्तार

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ही ढाई साल के बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। मामला कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पारेमेर फिटिंगपारा का है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सोनमती मंझवार अपने बेटे अनुज को गोद में लेकर मायके जा रही थी। पहाड़ी रास्ते में चढ़ाई के दौरान थकान होने पर उसने बच्चे को नीचे उतारकर चलने के लिए कहा, लेकिन मासूम के मना करने पर वह गुस्से में आ गई।

आरोप है कि महिला ने पहले बच्चे को जमीन पर पटक दिया और फिर पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर दिया। इस निर्मम हमले में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की क्रूरता ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।

घटना के बाद महिला वहां से भाग निकली, लेकिन स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल क्षेत्र से बच्चे का शव बरामद किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश और शोक का माहौल है।