Thursday, March 12, 2026

CG के पूर्व मंत्री का बड़ा बयान:अमर बोले- अपराधगढ़ बना बिलासपुर, गैंगवार-हत्या जैसे अपराधियों को संरक्षण दे रहे कांग्रेसी नेता

बिलासपुर में पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अमर अग्रवाल ने कांग्रेस नेताओं पर हमला बोला है। तीन साल में शहर में अपराधियों का गढ़ बन गया है और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण देने का चलन हो गया है। चार दिन पहले मुख्यमंत्री प्रवास के दौरान ही एक नाबालिग की गैंगवार में हत्या हो गई। इसमें कांग्रेस का ही एक पक्ष अपराधियों को संरक्षण दे रहा है, तो दूसरा पक्ष कार्रवाई करने की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अपराध पर अंकुश नहीं लगा और अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी, आंदोलन करेगी।

मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि बिलासपुर शहर स्मार्ट सिटी के रूप में महानगर का रूप ले रहा है। पहले यह शांति का टापू कहा जाता था और सबसे अच्छा शहर माना जाता था। रेलवे, SECL मुख्यालय समेत यहां का वातावरण अच्छा था। लेकिन पिछले तीन साल में यहां की जनता अब अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि शहर में आए दिन अपराध हो रहे हैं। शहर में एक दिन ऐसा नहीं होता, जब चोरी, चाकूबाजी, रेप जैसी घटनाएं न हों। ये घटनाएं इसलिए हो रही है, क्योंकि यहां कांग्रेस के कई गुट हैं, जो अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं।