
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राहुल गांधी से मिलने पहुंच गए हैं। उनके साथ पीएल पुनिया भी हैं। राहुल गांधी के घर पर बैठक जारी है। कुछ समय बाद प्रियंका भी आने वाली हैं। प्रियंका की राय को इस पूरे मामले में बेहद अहम माना जा रहा है। बघेल समर्थकों का मानना है कि प्रियंका गांधी भूपेश बघेल के पक्ष में हो सकती हैं। राज्य के आधे से ज्यादा कांग्रेस विधायक दिल्ली के छत्तीसगढ़ भवन में रुके हुए हैं। मुलाकात से पहले सीएम बघेल ने कहा था- सरकार सुरक्षित है। हमारे साथ 70 विधायक हैं।
पार्टी विधायक बसों से प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया के घर पहुंच गए थे। यहां सभी ने लंच किया। यहां भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव पीएल पुनिया के पैरों में गिर पड़े। उन्होंने जमीन पर बैठकर ही अपनी बात कही। पुनिया के यहां से सभी विधायक कांग्रेस मुख्यालय जाएंगे। उधर मुख्यमंत्री पद के दावेदार टीएस सिंहदेव छत्तीसगढ़ सदन चले गए हैं। उन्होंने कहा है कि जब उन्हें राहुल या AICC के किसी पदाधिकारी का बुलावा आएगा तो वे जाएंगे।
मुख्यमंत्री बघेल ने दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से कहा- “कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव वेणुगोपाल ने मुझे बुलाया है, इसलिए दिल्ली जा रहा हूं। वहां राहुल गांधी से भी मुलाकात होगी।” वहीं, विधायकों के दिल्ली जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कोरोना काल के बाद से विधायक दिल्ली नहीं गए थे, इसलिए अब जा रहे हैं। कुछ को बुलाया गया होगा, तो कुछ बिन बुलाए जा रहे हैं। अपने नेता से मिलने जाने में कोई बुराई तो नहीं है, कोई भी जा सकता है।












