छत्तीसगढ़ तीखी गर्मी से झुलसने लगा है। राजधानी रायपुर सहित अधिकतर क्षेत्रों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। इसकी वजह से पहली बार होली पर लू के आसार बन रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़त का ट्रेंड ऐसा ही बना रहेगा तो अगले कई वर्षों का रिकॉर्ड टूटेगा।रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी डॉ. एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश में हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम हो गई है। इसकी वजह से मध्य छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। एक दिन पहले सबसे अधिक तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह रायगढ़ में मापा गया। आम तौर पर मार्च महीने में मध्य छत्तीसगढ़ का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। बहुत कम अवसर ऐसा आया है जब तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पहुंचा हो। वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में वृद्धि का यही ट्रेंड बना रहा तो महीने के अंत तक पिछले 10 सालों को रिकॉर्ड टूट जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया, प्रदेश में लगभग सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है







