Saturday, August 1, 2026

CG Accident: ‘CMO’ लिखी कार की टक्कर से 2 महिलाओं की मौत, युवक गंभीर; डैमेज स्कोडा नगर पालिका में मिली

अब कार क्षतिग्रस्त हालत में नगर पालिका खड़ी मिली है।बिलासपुर। जिले के तखतपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके से मिली ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट और नगर पालिका परिसर में क्षतिग्रस्त हालत में मिली स्कोडा कार को लेकर मामला चर्चा में है। पुलिस ने नंबर प्लेट जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, घटना जरहागांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 11 बजे मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि सामने से आ रही बाइक को एक स्कोडा कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

बाइक पर ग्राम मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (32), किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में किरण बांसोड़ और हेमलता साहू की मौके पर मौत हो गई, जबकि भुनेश्वर साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।

हादसे के बाद कार मौके से हुई गायब

हादसे के बाद कार सवारों के मौके से चले जाने की बात सामने आई है। पुलिस को घटनास्थल पर कार की ‘CMO’ लिखी टूटी हुई नंबर प्लेट मिली, जिसे जब्त कर लिया गया है।

वहीं, संबंधित कार बाद में तखतपुर नगर पालिका परिसर में क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से नगर पालिका CMO भी मौके पर मौजूद नहीं थे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष की जन्मदिन पार्टी से लौटने की जानकारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद तखतपुर नगर पालिका CMO अमरेश सिंह अपने एक साथी के साथ स्कोडा कार से तखतपुर लौट रहे थे।

हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि हादसे के वक्त कार CMO ही चला रहे थे। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट से बढ़ा संदेह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में शामिल कार की पहचान ‘CMO’ लिखी नंबर प्लेट से हुई। टक्कर के दौरान यह नंबर प्लेट टूटकर सड़क पर गिर गई थी।

पुलिस ने इसे अपने कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया है। साथ ही नगर पालिका परिसर में मिली क्षतिग्रस्त कार की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे में इसी वाहन की भूमिका थी या नहीं।

पुलिस कर रही ड्राइवर की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृत महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल युवक का इलाज जारी है।

फिलहाल पुलिस वाहन चालक की पहचान और हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। मामले में आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना के बाद कार को नगर पालिका परिसर तक कैसे पहुंचाया गया।