रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। धमतरी और बलरामपुर जिलों से सामने आई घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में पंडरीपानी-खड़मा मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार प्रेमलाल नेताम और उनकी पत्नी कुमारी बाई नेताम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपने परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने दुगली जा रहे थे।
वहीं नगरी के देवपुर के पास कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक के दोनों पैर कट गए। दुर्घटना में तीन युवतियां भी घायल हुई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, बलरामपुर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर हल्लाहाल पुल के पास यात्री बस और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार करीब आधा दर्जन यात्री घायल हुए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सभी मामलों में पुलिस जांच कर रही है।










