Monday, June 29, 2026

CG Breaking:  सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, बंद पड़े लॉज में चल रहा था देह व्यापार, 3 गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का भंडाफोड़ किया है। शहर के इंदिरा मार्केट स्थित बंद पड़े जलाराम लॉज की आड़ में कथित तौर पर अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसी की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन युवतियों और दो युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पाया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, 28 जून की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंदिरा मार्केट स्थित जलाराम लॉज में देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद सिटी कोतवाली पुलिस और एसीसी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से लॉज में दबिश दी। जांच में सामने आया कि बंद पड़े लॉज की आड़ में यह अवैध गतिविधि चलाई जा रही थी। वर्तमान में परिसर में आइसक्रीम पार्लर संचालित किए जाने की भी जानकारी मिली है।

20 हजार नकद, मोबाइल और कंडोम बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 20 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, 80 कंडोम पैकेट तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से इस कारोबार का संचालन कर रहे थे।

पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय गुजराती, नारायण देशमुख और तमाशा कुमार साहू के रूप में हुई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने की लोगों से अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अनैतिक या अवैध गतिविधि संचालित हो रही हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।